जालौन। बुधवार की सुबह किराना व्यापारी रज्जन पुरवार की दुकान पर लोडर से सामान उतर रहा था। पुत्र अंकित पुरवार दुकान का सामान उतरवा रहे थे। तभी वहां कुछ युवक आए और तहबाजारी का ठेकेदार बताते हुए उनसे रुपये मांगने लगे। अंकित उन्हें 50 रुपये देने लगे। पर युवक 100 रुपये मांग रहे थे। जब उन्होंने इंकार किया तो युवकों ने अंकित के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद जब व्यापारी पुत्र नगर पालिका पहुंचे तो पता चला कि वित्त वर्ष समाप्त होने के बाद तहबाजारी का नया ठेका उठा ही नहीं है। ऐसे में तहबाजारी के नाम पर अवैध उगाही हो रही है। इसके बाद अंकित ने मामले की तहरीर कोतवाली दी। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी डीडी सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तहबाजारी का ठेका अभी उठा नहीं है। कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-------------
छह माह पहले की गई थी लूटपाट
जालौन। लगभग छह माह पहले नगर से होकर निकल रही बरात की बस को छिरिया के पास रोककर तहबाजारी के नाम पर कुछ युवकों ने बारातियों से न सिर्फ रुपये छीने थे बल्कि बारातियों के साथ मारपीट भी की थी। उक्त मामले में कोतवाली में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी।