माधौगढ़। स्टेट बैंक माधौगढ़ में रुपये निकालने आई वृद्धा से बाइक सवार बदमाशों ने कान के बाला और एक हजार रुपये लूट लिए। जब तक महिला ने शोर मचाया तब तक बदमाश बाजार की ओर भाग गए। कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बदमाशों की धमाचौकड़ी बढ़ गई है। रूदपुरा निवासी वृद्ध महिला किशोरी देवी दोपहर में स्टेट बैंक से रुपये निकालने आई। बाइक सवार बदमाशों ने वृद्ध महिला किशोरी से फॉर्म भरने की बात कही। महिला द्वारा मना करने पर बदमाशों ने महिला के कान के बाले सहित पर्स में रखे एक हजार रुपये लूट लिए। महिला ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। इंस्पेक्टर क्राइम प्रेमचंद का कहना है कि तहरीर आ गई है, जांच की जा रही है। (संवाद)
-------
पीआरडी जवान की बाइक चोरी
माधौगढ़। पुलिस लिखी बाइकों को चोर निशाना बना रहे हैं। एक सप्ताह पहले कोतवाली में तैनात दरोगा सोनू की बाइक कोतवाली के सामने से चुरा ले गए। पुलिस ने खोजबीन की बाइक का पता नहीं चल सका। मंगलवार रात हरौली निवासी पीआरडी जवान विजय कुमार सिंह गोहन थाने में ड्यूटी कर रहा है। देर रात बाइक से माधौगढ़ आया। बरामदे में बाइक खड़ी कर सोने चला गया। तभी चोर बाइक चुरा ले गए। पीआरडी जवान ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। (संवाद)
--------
उलाहना देने पर दंपती से मारपीट
माधौगढ़। सिहारी निवासी रामसेवक ने कोतवाल को शिकायत देते हुए बताया कि पड़ोसी युवकों ने नाली का पानी बंद कर दिया। इसकी शिकायत करने घर गए तो उल्टा पड़ोसी लड़ने को अमादा हो गए। शोरगुल सुन मौके पर पहुंची पत्नी रामश्री को चार लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। महिला ने पति रामसेवक के साथ कोतवाली में धीरेंद्र, नरेंद्र, माया व मालती के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। (संवाद)
--------
बीओ की डीएम से शिकायत
उरई। होमगार्ड अवैतनिक अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कोमेश द्विवेदी ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर ब्लाक आर्गनाइजेशर (बीओ) पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है। उनका कहना है कि होमगार्डों की डबल ड्यूटी दर्शाकर धन का बंदररबांट किया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। (संवाद)
-----------------
थानाध्यक्ष पर अभद्रता का आरोप, शिकायत
उरई। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष शिवमोहन सिंह ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें आरोप लगाया कि बाइक चोरी की शिकायत करने गए थे तो चुर्खी थानाध्यक्ष ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान शिशुपाल, रामजी दीक्षित, पंकज कुशवाहा आदि रहे। (संवाद)