जालौन। जवारे लेकर जा रहे भक्तों की ट्रैक्टर ट्राली में डंपर चालक ने टक्कर मार दी। डंपर में फंसकर ट्राली काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद पलट गई। हादसे में 12 पुरुष और महिला घायल हो गए। घायलों की चीखपुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने डंपर और चालक दोनों को पकड़ लिया है।
वीरपुरा गांव निवासी ग्याप्रसाद ने नवरात्र पर घर में जवारे बोए थे। रविवार की सुबह वह जवारे विसर्जित करने गांव के सुशील वर्मा की ट्रैक्टर ट्राली लेकर चालक रामकुमार के साथ लगभग 18 लोग जालौनी माता मंदिर जा रहे थे। जब उनकी ट्रैक्टर ट्राली जालौन थाना क्षेत्र के बंगरा रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी के पास पहुंची। तभी पीछे से डस्ट लादकर आ रहे डंपर चालक ने ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ग्या प्रसाद (40), रजपुरा वाली (72), प्रियंका (17), प्रियांशी (20), लीला (32), रवि कुशवाहा (18), अशोक (50), गायत्री (40), लक्ष्मीप्रसाद (50), अंगूरी (15), मोहिनी (30), प्रिंसी (14) घायल हो गए। सभी को सीएचसी जालौन से मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया गया। जहां प्रियांशी की हालत गंभीर देखते हुए रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि चालक हेमंत कुमार निवासी हसारी झांसी को पकड़कर डंपर भी कब्जे में ले लिया है।