माधौगढ़। डिकौली में एचटी लाइन की चिंगारी खेत में गिर गई। देखते देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आठ किसानों की 16 बीघा गेहूं की फसल को अपनी गिरफ्त में ले लिया। जब तक फायर ब्रिगेड और किसान आग पर काबू पाते। तब तक पूरी फसल राख हो गई। आग की सूचना पर एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी, दरोगा गोकुल सिंह परिहार मौके पर पहुंच गए हैं। एसडीएम का कहना हैं कि लेखपाल से सर्वे कराकर किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाया जाएगा।
कोतवाली क्षेत्र के गांव डिकौली में रविवार की दोपहर एचटी लाइन से निकली चिंगारी राजेश पाल के खेत में गिर गई। देखते देखते आग दूसरे के खेतों में पहुंच गई। हवा के तेज बहाव के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने राजेश पाल के बाद नरसिंह, उपेंद्र सिंह, पूरन सिंह एवं सुधीर सिंह व राजेश प्रजापति के खेतों को चपेट में ले लिया। डिकौली, हरौली, माधौगढ़ के किसानों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से राजेश पाल, नरसिंह, उपेंद्र सिंह, पूरन सिंह व सुधीर सिंह व राजेश प्रजापति की 18 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।