कोच (जालौन)। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो मासूम भाई डंपर के पहियों की चपेट में आ गए। दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके माता पिता मामूली रूप से चुटहिल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर पुलिस को बाइक के पास हेलमेट भी मिला है।
मूल रूप से झांसी के समथर थाना क्षेत्र के लुहारी गावं निवासी ठेला लगाने वाला दीपक शनिवार की दोपहर पत्नी और बच्चों को बाइक से लेकर उरई लौट रहा था। वर्तमान में दीपक शहर स्थित कांशीराम कालोनी में रहता है। जैसे ही उसकी बाइक कैलिया क्षेत्र के पीपरी तिराहे के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसमे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीपक और उसकी पत्नी भारती सड़क पर गिर पड़े। जबकि दोनों बच्चे सागर (10) और अरविंद (3) डंपर के पहियों के नीचे आकर लहूलुहान हो गए। हादसा देख बदहवास पिता ने सड़क पर दौड़कर डंपर व उसके चालक को पकड़ लिया। तब तक इलाकाई लोगों ने चालक की पिटाई शुरू कर दी। हादसे से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साई भीड़ ने जाम लगाने का प्रयास किया पर पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कर दिया। इसके बाद शवों को मोर्चरी भेजा गया। बच्चों की मां भारती तो कालेजों के टुकड़ों के शव देख पागल सी हो गई थी। दीपक भी सागर व अरविंद का नाम लेकर सड़क पर चीखता रहा। दीपक के मुताबिक दादी भी दूसरी बाइक से आगे निकल गई है। उन्हें पता लगेगा तो सदमा लग जाएगा। त्योहार पर ऐसा दर्दनाक हादसा जिसने सुना उसके ही रोंगटे खड़े हो गए। कैलिया पुलिस ने बताया कि दीपक की बाइक के पास हेलमेट तो मिला है लेकिन वह लगाए था कि नहीं फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है।