उरई। ग्राम जकसिया में सोमवार को गोशाला के ऊपर से निकली हाईटेशन लाइन का तार टूटकर गोशाला के गेट पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से गोशाला के एक मवेशी की मौत हो गई, जबकि शौच के लिए जा रही किशोरी झुलस गई।
किशोरी को ग्रामीणों ने सीएचसी में भर्ती कराया है। वहीं ग्रामीणों ने मृत मवेशी को उठाने के दौरान हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार गोशालाओं के ऊपर से निकले जर्जर तारों को हटवाने की मांग की, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
ग्राम जकसिया में सोमवार को अस्थाई गोशाला के ऊपर से गई विद्युत लाइन का तार टूट कर गेट पर गिर पड़ा, जिससे लोहे के गेट में करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई। साथ ही वहां से निकल रही, किशोरी अर्चना (15) झुलस गई।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंचे प्रधान पुत्र ने जैसे ही मृत गोवंश को उठाने का प्रयास किया तभी ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों की एसडीएम से फोन पर वार्ता कराई, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि एसडीएम ने अश्वासन दिया है कि जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पशुपालन विभाग की टीम ने मृत गोशव के शव का पोस्टमार्टम कराया।