कोंच। ग्राम पंचायत भदारी में सोमवार को आयोजित मेगा वैक्सीनेशन शिविर का नोडल अधिकारी व सीडीओ एके श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। सीडीओ ने शिविर में पंजीकरण सूची देखने के बाद शत प्रतिशत वैक्सीनेशन पर जोर दिया और जागरूकता अभियान चलाने के लिए मौजूद लोगों को प्रेरित किया। बाद में गोशाला का भी जायजा लिया।
ग्राम पंचायत की ओर से संचालित गोशाला का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने वहां साफ सफाई से लेकर गोवंशों के लिए भूसा चारा, पेयजल सहित ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं देखीं। सीडीओ ने गोशाला की देखरेख कर रहे कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। सीडीओ ने गोवंशों का तिलक कर व माला पहनाकर पूजन किया और गुड़ खिलाया। इस दौरान शिवम पटेल, सुषमा देवी, सुरेंद्र सिंह, नंदकिशोर, हरिकिशोर, बीडीओ विपिन कुमार, पवन तिवारी, राजीव रेजा व मिथुन आदि मौजूद रहे।