कदौरा। बसरेही मोड़ के पास मंगलवार की शाम किसी बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कदौरा थाना क्षेत्र के गांव चतेला निवासी धर्मदास का पुत्र मुकेश (19) मंगलवार की दोपहर बाइक से रिश्तेदार को छोड़ने हमीरपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के गांव सहरी गया था। शाम लगभग चार बजे वह रिश्तेदार को छोड़कर गांव लौट रहा था।
बसरेही मोड़ के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सीएचसी भेजा और परिजनों को सूचना दी।
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता धर्मदास ने बताया कि वह रिश्तेदार को छोड़ने गया था, घर न आने पर रिश्तेदार से पूछा तो मौत की खबर मिली। पुलिस ने बताया कि वह हेलमेट नहीं लगाए था। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने कहा कि अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।