कदौरा (जालौन)। खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि खड़े ट्रेलर का केबिन टूटकर दूर जा गिरा। जबकि टक्कर मारने वाले ट्रेलर चालक की मौके पर मौत हो गई और खलासी भी गंभीर रुप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे ट्रेलर के चालक व खलासी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कदौरा सीएचसी पहुंचाया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया।
कदौरा थाना क्षेत्र के हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे मुमताजाबाद के पास बुधवार की भोर में चार बजे खड़े ट्रेलर में दूसरे ट्रेलर चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर का केबिन लगभग 20 फीट दूर जाकर गिरा। वहीं टक्कर मारने वाले ट्रेलर के चालक कलीमुद्दीन (32) निवासी चिकटौला थाना पिहानी जनपद हरदोई की केबिन मेें फंसकर मौत हो गई। खलासी हसीब (28) निवासी पिहानी हरदोई घायल हो गया और उसे लखनऊ रेफर किया गया। वहीं खड़े ट्रेलर के केबिन की छत पर सो रहे चालक राजेंद्र (40) व खलासी पुष्पेंद्र (24) दोनों निवासी बुलंदशहर घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। उधर, कलीमुद्दीन के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से पिता हाफिज सहित अन्य परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
----------------
ट्रैक्टर खराब होने पर जाम लगने पर खड़ा था ट्रेलर
बता दें कि हमीरपुर- जोल्हूपुर हाईवे पर्र ईंट लदी ट्रैक्टर ट्राली के खराब होने से एक घंटे तक जाम लगा था। जाम के चलते ट्रेलर चालक ने सड़क के किनारे ट्रेलर खड़ा कर दिया था। तभी यह हादसा हो गया। हादसे के बाद भी लगभग दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
-----------------------------
बस में पीछे से घुसी बाइक, तीन घायल
वावली। सड़क पर सवारियां उतार रही प्राइवेट बस में पीछे से बाइक सवार घुस गए। हादसे में बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से पीएचसी कुठौंद पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौन औरैया मार्ग पर बुधवार की दोपहर तीन बजे प्राइवेट बस सवारियां उतार रही थी। तभी बाइक से जा रहे ललित किशोर, उसके पिता गुलाब सिंह, मां राजा बेटी निवासी गढऱ उरई की बाइक बस में पीछे से घुस गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। (संवाद)