उरई। जालौन समेत 24 जिलों में 31 मार्च को इंटर का अंग्रेजी का पेपर आउट होने के कारण यूपी बोर्ड ने बुधवार को फिर से अंग्रेजी का पेपर कराया गया। 905 परीक्षार्थियों ने अंग्रेजी का पेपर छोड़ दिया। जबकि एक परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया।
बता दें कि आज हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड की परीक्षाएं अंग्रेजी की परीक्षा के साथ संपन्न हो गई हैं। अंतिम दिन इंटर का अंग्रेजी की परीक्षा हुई। यह परीक्षा 31 मार्च को होनी थी पर पेपर आउट होने के कारण जालौन समेत 24 जनपदों में इसे रद्द कर दिया था। जालौन में यह परीक्षा सुबह 8 बजे से शांतिपूर्वक शुरू हुई। जनपद में इंटर की अंग्रेजी की परीक्षा के लिए 17002 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 16097 परीक्षार्थी ही केंद्रों पर पहुंचे। 905 परीक्षार्थियों ने पेपर छोड़ दिया। उधर, ऊमरी के रसकेंद्री देवी इंटर कॉलेज में अंग्रेजी के पेपर में नकल करते हुए एक छात्र पकड़ा गया। जिस पर केंद्र व्यवस्थापक द्वारा कार्रवाई करते हुए उसकी कॉपी में नोट लगाया। वहीं डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि परीक्षाएं शांतिपूर्वक निपट गई।
------------