अमेरिका में तैनात मर्चेंट नेवी अधिकारी को फोन पर पांच करोड़ रुपये के चौथ मांगी गई। उसके पिता ने मामले की हाथरस गेट कोतवाली में शिकायत की। इस पुलिस ने उन्हें यह सलाह दी कि वह कार्रवाई के लिए उसी देश की पुलिस से संपर्क करें। अब पीड़ित परिवार असमंजस में फंस गया है कि मामला अमेरिका में दर्ज होगा या भारत में।
हाथरस शहर की एक कॉलोनी निवासी एक मर्चेंट नेवी के अधिकारी से फोन पर पांच करोड़ रुपये की चौथ मांगने का मामला सामने आया है। इसके बाद से अधिकारी काफी तनाव में हैं। पिता ने इसकी सूचना कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को दी। मर्चेंट नेवी अधिकारी अमेरिका में रहते हैं, इसलिए पुलिस ने उन्हें यह सलाह दी कि वह कार्रवाई के लिए उसी देश की पुलिस से संपर्क करें।
विज्ञापन
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित साकेत कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय राहुल गौड़ पुत्र सुभाषचंद्र शर्मा मर्चेंट नेवी में तैनात हैं। उनके दो बच्चे हैं। इन दिनों उनकी तैनाती अमेरिका में है। उनके पिता सुभाषचंद्र शर्मा ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनके बेटे से एक व्यक्ति ने फोन करके पांच करोड़ रुपये की चौथ मांगी है। उनके बेटे पर एक नंबर से कॉल गया और कॉल करने वाले ने उनके बेटे से यह कहा कि वह उसकी बहन से बात करता है। इस कॉल करने वाले ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी और 5 करोड़ रुपये मांगे। इसके बाद से उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान है और अमेरिका में अपनी ड्यूटी भी ठीक से नहीं कर पा रहा है। कॉल करने वाला व्यक्ति फिरोजाबाद का निवासी बताया जा रहा है।
मर्चेंट नेवी ऑफिसर के पिता ने बताया है कि उनके बेटे से किसी ने फोन करके पांच करोड़ रुपये मांगे हैं। वह यहां नहीं रहते हैं, इसलिए उन्हें सलाह दी है गई वह इस मामले की शिकायत उस देश में ही करें, जहां उनका बेटा रहता है।-रामप्रवेश राय, सीओ सिटी।