गांव राजनगर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव राजनगर में एक मकान से चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। घटना की जानकारी होने पर सुबह मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर मौके पर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई और घटना की जांच पड़ताल की। इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।
गांव राजनगर निवासी प्रमोद कुमार शर्मा पुत्र ऋषि कुमार शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह तथा उनकी पत्नी व मां घर में सो रहे थे तो इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर कमरे की कुंडी को बाहर से बंद कर दिया। जब सुबह करीब साढ़े तीन बजे वह जागे और आहट सुनकर शोर मचाया तो चोर भाग गए।
कमरों में सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। अलमारी व बक्से में रखे पत्नी के पूरे जेवर और नगदी को चोर चोरी कर ले गए। प्रमोद कुमार के मुताबिक, दिसंबर माह में उनकी बेटी का विवाह होना तय है। लिहाजा घर में विवाह को लेकर सामान इकट्ठा किया जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
उनके द्वारा मीडिया को दिए गए बयान के मुताबिक, चोर मकान से करीब 30 लाख रुपये के जेवर और करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कोतवाल डीके सिसौदिया ने मय पुलिस फोर्स के पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया।