राधिका बिहार कॉलोनी में मकान के गेट का काटा गया कुंदा।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
आगरा रोड स्थित राधिका विहार कॉलोनी में मंगलवार की देर रात चोरों ने दो मकानों से लाखों रुपये के जेवर व नकदी पार कर दी। मौके पर पुलिस भी पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। चोरी की दो घटनाओं से कॉलोनी के लोगों में दहशत है।
मूल रूप से गांव झगरार निवासी और वर्तमान में राधिका विहार कॉलोनी में फौजी योगेश पुत्र पोखपाल सिंह का मकान है। योगेश की पत्नी मनु ने बताया कि मंगलवार की रात को घर पर कोई नहीं था। घर के सभी लोग गांव झगरार गए हुए थे। इस दौरान चोरों ने घर के मुख्य गेट का कुंदा काटकर अंदर प्रवेश कर लिया और घर से करीब 10 हजार रुपये, दो अंगूठी, झाले, आठ जोड़ी कपड़े सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी बुधवार को घर वापस लौटने के दौरान हुई। इसी कॉलोनी में चोरों ने रविंद्र सिंह के बंद मकान से किवाड़ों के कुंदे काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। घर लौटने के दौरान घटना की जानकारी हुई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और घटना के संबंध में पूछताछ की।