न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव नगला सेवा निवासी रिंकू पुत्र रामबाबू ने कोतवाली में तहरीर देकर अपनी ही भाभी पर खेत के बिकने पर आए रुपए लेकर लापता होने और भाई की शादी करवाने वाले बिचौलिये पर उसे और उसके भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
तहरीर में कहा गया है कि उसके भाई की शादी को चार वर्ष हो चुके हैं। भाई की पत्नी की सुधा से उसके दो पुत्रियां पैदा हुई थीं। उसके माता-पिता की मौत हो चुकी है। भाई ने पत्नी की सहमति से एक बीघा खेत 24 अक्तूबर को बेचा था। खेत बेचकर आए दो लाख 10 हजार रुपये लेकर भाई की पत्नी गांव के ही बिचौलिये के घर गई थी।
उस दिन के बाद वापस नहीं लौटी। उसकी दोनों बेटी अब भाई के पास हैं। जब वह दोनों भाई बिचौलिये के घर पूछताछ करने गए तो उसने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। धमकी दी की उन दोनों भाइयों को झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवा देगा। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद