हाथरस : मृतक रुबीना बेगम का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र की ग्राम पंचायत सहपऊ देहात के मजरा तकिया में बुखार से 28 वर्षीय रुबीना बेगम पत्नी अली सेन से मौत हो गई। क्षेत्र में अब तक बुखार और डेंगू से 12 लोगों की जान जा चुकी है।
मृतका के पति अली सेन ने बताया कि उनकी पत्नी को दो दिन पहले ही बुखार आया था। उन्होंने पत्नी का इलाज कस्बे के एक निजी डॉक्टर से कराया था। तबियत खराब होने पर मंगलवार को वह उसे इलाज के लिए आगरा ले जा रहे थे तो रास्ते ही में ही उसने दम तोड़ दिया। इधर, सोमवार को स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा कस्बा में की गई छापेमारी से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की कोई सुविधा नहीं है। अब विभाग द्वारा छापेमारी अभियान चलाकर प्राइवेट डॉक्टरों में भय का माहौल बनाया जा रहा है। इन डॉक्टरों ने कार्रवाई के डर से अपने क्लीनिक बंद कर दिए हैं। ऐसे में गरीब मरीज इलाज के लिए अब जाएं तो जाएं कहां। आगरा व अन्य बड़े शहरों में इलाज का खर्च उठाने की उनकी हैसियत नहीं है। मंगलवार को भी प्राइवेट डॉक्टरों के क्लीनिक बंद होने से मरीज और उनके तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। संवाद