हाथरस : गांव लाड़पुर में किशोर की मौत के बाद हंगामा करते लोग। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला गूलरिया निवासी एक किशोर की बुखार के चलते मौत हो गई। उसका कई दिन से निकट के गांव लाड़पुर के एक चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिजन शव को गांव लाड़पुर ले आए और वहां कथित चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर उसके क्लीनिक के बाहर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकरकर जाम खुलवाया।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला गूलरिया निवासी मुन्नालाल के 15 साल के बेटा मोनू को पिछले करीब पांच दिन से बुखार आ रहा था। उसका जलेसर रोड पर गांव लाड़पुर के एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को गांव लाड़पुर ले गए।
वहां इस चिकित्सक के क्लीनिक के बाहर शव को हाथरस-जलेसर रोड पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान खासा हंगामा हो गया। लोगों ने सड़क के दोनों ओर अवरोधक लगा दिए और इस चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। संवाद