हाथरस : बागला जिला अस्पताल की ओपीडी में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव हड़ौली में बुखार का प्रकोप बेकाबू होता जा रहा है। शुक्रवार को इस गांव में बुखार से 55 वर्षीय महिला हरप्यारी व 12 वर्षीय बालिका कु. खुशी की मौत हो गई। दो मौतों की सूचना से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। पीड़ित परिवारों में भी कोहराम मच गया। गांव में इससे पहले भी बुखार से पीड़ित महिला एवं पुरुष की मौत हो चुकी है, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग गांव में लगातार शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित लोगों का उपचार कर रहा है।
दरअसल, ग्राम हड़ौली में करीब 10 दिन से बुखार का कहर बरप रहा है। इस सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. एसपी सिंह के नेतृत्व में गांव हड़ौली में शिविर लगाकर बुखार से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाएं वितरित कीं, लेकिन बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। गांव हड़ौली में भी घर-घर बुखार से पीड़ितों की चारपाई बिछी हुई हैं। शुक्रवार को गांव में एक महिला और एक बालिका की मौत से कोहराम मच गया। महिला को परिजन उपचार के लिए दिल्ली लेकर जा रहे थे। रास्ते में उसकी मौत हो गई है, जबकि बालिका ने गांव में ही दम तोड़ दिया। दो मौतों की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फिर गांव में शिविर लगाकर बुखार पीड़ितों को दवाएं वितरित कीं। संवाद