न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कस्बा हाथरस जंक्शन में अवसाद के शिकार एक व्यक्ति ने पहले तो अपनी पत्नी को फावड़ा मारकर लहूलुहान कर दिया और फिर खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया। दोनों को परिवार के लोग घायल अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उन्हें गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है।
हाथरस जंक्शन कस्बा के सिकंदराराऊ रोड पेट्रोल पंप के पास रहने वाले धर्मेंद्र मथुरा में किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। लॉकडाउन के कारण उनकी नौकरी छूट गई। तभी से वह अपने घर पर रह रहे थे। बताया जा रहा है कि इस बात से वह अवसाद के शिकार हो गए और आए दिन परिवार के लोगों से झगड़ने लगे। शनिवार-रविवार की रात को करीब दो बजे धर्मेंद्र व उनकी पत्नी रूबी सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
इसके चलते गुस्साए पति ने पत्नी पर फावड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे पत्नी बुरी तरह लहूलुहान हो गई। यह देख उसने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। यह देखकर आस-पड़ोस के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पर उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां पर दोनों का उपचार जारी है।
यह व्यक्ति मथुरा किसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। नौकरी छूटने के कारण पति अवसाद में चल रहा था। इसके चलते पहले तो उसने अपनी पत्नी को जख्मी किया और फिर खुद को भी जख्मी कर लिया। दोनों को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में उपचार जारी है। इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
राजीव यादव, एसएचओ कोतवाली हाथरस जंक्शन।