हाथरस : शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बीईओ को ज्ञापन देते शिक्षक संघ के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शिक्षकों को समय से वेतन न मिलने से नाराज शिक्षकों ने प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इसे लेकर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मुरसान को बीआरसी हतीसा पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा विभाग में हर माह की एक तारीख को वेतन निर्गत करने के शासनादेश का खुला उल्लंघन हो रहा है। शिक्षकों को वेतन के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि अगले तीन दिन में वेतन न मिलने पर संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ब्लॉक मुरसान के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि समय से बिल निर्गत न करना शिक्षकों का कार्य नहीं है। यदि तीन दिन के अंदर वेतन नहीं मिलता है तो संगठन कोविड नियमों का पालन करते हुए धरना देगा। धरने की संपूर्ण जिम्मेदारी विभाग की होगी।
शासन ने शिक्षकों और कर्मियों की उपस्थिति मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से लेकर वेतन समय से निर्गत करने के लिए व्यवस्था कर दी है, लेकिन शिक्षकों और कर्मियों को वेतन न मिलने से शासन के प्रति भारी रोष है। ज्ञापन देने वालों में गौरव पचौरी, उमेश शर्मा, शशि मोहन कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे। संवाद