संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
योगी सरकार फिर से सत्ता में आ गई है लेकिन गोशालाओं की ओर अभी अधिकारियों का ध्यान नहीं है। सासनी के पराग डेयरी गोशाला में काफी अव्यवस्थाएं हैं। वहीं हसायन के नगला ब्राह्णमान में एक गोशाला में दो गायों की मौत हो गई। हालांकि पशु चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि इन दोनो गायों की मौत बीमारी से हुई है। इनका पोस्टमार्टम भी कराया गया है।
जिले में गोवंशों के लिए काफी गोशालाएं भी जिला प्रशासन की देखरेख में संचालित हैं लेकिन यहां हद दर्जे तक अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं। काफी बजट मिलने के बाद भी गोवंश भीषण गर्मी में धूप में तपने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर तो इन्हें पर्याप्त पानी और चारे तक इंतजाम नहीं है।
पराग डेयरी स्थित गोशाला में यही स्थिति सामने आई थी तो वहां अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया और कई गोवंश काफी बीमार मिले। वहीं नगला ब्राह्णमाणन स्थित एक गोशाला में दो गाय मर गई। इसकी जानकारी मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम वहां पहुंची और दोनो गायों के शवों का पोस्टमार्टम किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार का कहना है कि इनकी मौत बीमारी से हुई है।