संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में पीड़िता पक्ष के ही तीन लोग घायल हो गए। पीड़िता के दादा की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती रविवार की सुबह गांव में ही बने सार्वजनिक शौचालय में शौच के लिए गई थी। उसी समय वहां पहले से मौजूद युवक ने उसे बदनीयती से पकड़ लिया। जब युवती ने चीखना चिल्लान शुरू किया तो उसकी आवाज परिजन भी वहां पहुंच गए। युवक के परिजन भी वहां लाठी डंडा लेकर पहुंच गए।
दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। युवती पक्ष के लोग वहां से अपनी जान बचा कर भागे तो आरोपी पक्ष के लोग उनका पीछा करते हुए उनके घर पर आ गए और फिर मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में युवती के चाचा को काफी चोट आई। पुलिस ने तीनों को चिकित्सीय परीक्षण कराया। पुलिस ने विनय, विजय व शुभम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक आरडी यादव ने बताया कि पीड़िता के दादा की तहरीर पर छेड़छाड़ के साथ अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज लिया गया है।