न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुधारने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के औद्योगिक क्षेत्र व नगला रति में दो नये फीडर बनाए जाएंगे। इनकी मदद से औद्योगिक इकाइयों को आपूर्ति की जाएगी। लाखों रुपये के तीन प्रस्तावों को निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के यहां से हरी झंडी मिल गई है। जल्द लाइन बनाने का काम शुरू होगा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार के साथ जिले का बिजली विभाग उद्योगों को बेहतर आपूर्ति की कवायद में जुटा है। शहर के औद्योगिक क्षेत्र को इन-दिनों प्रगतिपुरम सबस्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाती है। यहां एक दर्जन से अधिक उद्योग संचालित हैं। इस लाइन पर कुछ कॉलोनियों के कनेक्शन हैं। इस कारण फाल्ट होने पर उद्योगों को बिजली संकट से जूझना पड़ता है।
व्यापारियों ने बीते दिनों नया फीडर बनाने की मांग की। इसका प्रस्ताव तैयार कर निगम के एमडी के यहां भेजा गया है। एमडी ऑफिस से औद्योगिक क्षेत्र, नगला रति में दो फीडर बनाने की मंजूरी मिल गई है। लाखों रुपये की लागत से जल्द इन फीडरों को बनाने का काम शुरू होगा। अधीक्षण अभियंता जगतराम का कहना है कि शहर के औद्योगिक क्षेत्र और नगला रति पर दो फीडर बनाने का प्रस्ताव एमडी कार्यालय से मंजूर हो गया है। संवाद