न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाल ही में करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ शहर का इगलास रोड पहली बारिश भी सहन नहीं कर पाया। पुनर्निर्माण के बाद अभी इसका लोकार्पण भी नहीं हुआ है। जगह-जगह गिट्टी उखड़ना शुरू हो गई है। इससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों को यह डर सता रहा है कि फिर से यह सड़क जर्जर न हो जाए और फिर उनका आवागमन मुश्किल भरा न हो जाए।
उल्लेखनीय है कि इगलास रोड से लोग खैर और अलीगढ़ आदि स्थानों की दूरी तय करते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए सदर विधायक हरीशंकर माहौर ने करीब आठ किलोमीटर रोड के निर्माण व चौड़ीकरण के लिए शासन से करोड़ों रुपये का बजट पास कराया। कुछ महीने पहले मार्ग पर डिवाइडर पट्टी आदि बनाकर मार्ग तैयार कर दिया गया। इसका लोकार्पण भी नहीं हुआ है।
सबसे खेदजनक पहलू यह है कि मौसम की पहली बारिश भी सहन नहीं कर पाया। मार्ग में कई स्थानों पर गिट्टी का उखड़ना शुरू हो गया है। गिट्टी के उखड़ने के अब लोगों को मार्ग जर्जर होने का डर लग रहा है। लोग यह भी सोचने लगे हैं कि कहीं पहले की तरह धीरे-धीरे सड़क जर्जर न हो जाए।
इस मार्ग को कुछ महीने पहले ही बनाया गया है।। मार्ग पर जगह जगह गिट्टी उखड़ना शुरू हो गई है। इससे यह लग रहा है कि निर्माण सही तरीके से नहीं हुआ है। समय रहते मार्ग को सही कराया जाए, ताकि आवागमन में दिक्कत न हो।
-जयशंकर पाराशर निवासी तोछीगढ़
इस मार्ग का निर्माण कुछ महीने पहले हुआ है। पहली बारिश में ही जगह-जगह गिट्टी उखड़ने लग गई है। कहीं फिर से धीरे-धीरे यह मार्ग जर्जर न हो जाए। अब जैसे-तैसे तो मार्ग का निर्माण हुआ है।
-ओमप्रकाश निवासी मूंगसा
पहले सड़क की चौड़ाई कम थी। मार्ग की हालत बहुत खराब थी। इसका फिर से निर्माण कराया गया, लेकिन अब मार्ग पर कई जगह गिट्टी उखड़ना शुरू हो गई है। चंद महीनों में ये हाल है तो आगे क्या होगा।
-छत्रपाल निवासी बीछिया