संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बीएसए शाहीन ने विकास खंड सासनी के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियों को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए, उनमें सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया।
प्राथमिक विद्यालय लक्षिमपुर में निरीक्षण के समय विद्यालय में ई-पाठशाला/मोहल्ला कक्षा के संबंध में अभिलेख व्यवस्थित नहीं पाए गए। विद्यालय के कक्षा-कक्ष, किचिन शेड, विद्यालय परिसर में गंदगी व्याप्त थी। विद्यालय परिसर में जगह-जगह घास के साथ ही काई/बारिस की सिल्ट जीम हुयी थी।
शौचालय क्रियाशील नहीं पाये गये। विद्यालय में रंगाई-पुताई नहीं करायी गयी है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक द्वारा कायाकल्प योजना एवं रख-रखाव मद से कोई भी कार्य विद्यालय में नहीं कराया गया है। कायाकल्प योजना के अंतर्गत निर्धारित पैरामीटर में उक्त विद्यालय कितने बिंदुओं को संतृप्त करता है, इसकी जानकारी भी नहीं थी।
सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। प्राथमिक विद्यालय ठूलई में निरीक्षण के वक्त रीता कुमारी, प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित मिलीं। जिस पर इनके खिलाफ एक दिन वेतन रोके जाने की कार्रवाई करते हुए अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया।
दोनों ही स्कूलों में प्रेरणा साथी का लक्ष्य के सापेक्ष चयन करने और विद्यालय के छात्र/छात्राओं को कक्षावार/संख्यावार शिक्षकों में विभाजित कर साप्ताहिक संवाद किया जाने, सभी छात्र/छात्राओं का आंकलन कर प्रेरणा तालिका में अंकन करने और ई-पाठशाला एवं मोहल्ला कक्षा के माध्यम से सभी छात्र/छात्राओं को नियमित रूप से पाठ्यक्रम के अनुसार शिक्षण कार्य कराए जाने के निर्देश दिए।