संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम विजय शर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण कर समीक्षा की गई। इस दौरान बिजली विभाग सहित अन्य विभागों की 17 शिकायतें आईं। समाधान दिवस में गांव जलालपुर निवासी युवक ने शिकायत की कि बिजली बिल जमा करने के बाद विभाग ने उसे आरसी भेज दी है।
ग्राम नगला विजैया के कास्तकार सुरेंद्र कुशवाहा ने शिकायत की कि प्रधान ने मनरेगा के तहत राजस्व अभिलेखों के विपरीत चकरोड पर मिट्टी डलवा दी है। ग्राम जलालपुर के सोहन लाल ने विद्युत विभाग के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा कि उसके विद्युत नलकूप का बिल आज तक पूूरा जमा है लेकिन विद्युत विभाग अक्टूबर 2020 में आरसी निकाल कर उसका उत्पीड़न कर रहा है।
इसके अलावा समाधान दिवस में 13 राजस्व, एक शिक्षा, एक बैंक की समस्याएं आईं। एसडीएम ने संबंधित को इसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। मौके पर तहसीलदार अनिल कुमार, राजस्व निरीक्षक शिवा यादव, एबीएसए सुबोध पाठक, सीडीपीओ धीरेंद्र उपाध्याय, एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल, एसडीओ नागेंद्र सिंह एवं लेखपाल मौजूद थे।