हाथरस : समस्याओं का समाधान कराने बीएसए कार्यालय पहुंचे शिक्षक संघ के पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ बीएसए दफ्तर पहुंचा। यहां सभी परिषदीय शिक्षकों का वेतन एवं शिक्षामित्रों व अनुदेशकों का मानदेय माह की प्रथम तारीख को उनके खातों में पहुंचाए जाने की मांग की गई। इसके अलावा 14 सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया।
महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष रश्मि शर्मा के नेतृत्व में संगठन का प्रतिनिधि मंडल बीएसए से मिला। इसमें नवनियुक्त शिक्षकों एवं अंतर्जनपदीय स्थानांतरित शिक्षकों का कार्यभार ग्रहण आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने, नवनियुक्त शिक्षकों का चारों सत्यापन प्राप्त सूची प्रदर्शित कराकर अवशेष वेतन का भुगतान शीघ्र कराना और अंतर्जनपदीय शिक्षकों का अवशेष वेतन भुगतान, 5 जुलाई का महंगाई भत्ता तत्काल भुगतान कराए जाने की मांग की गई।
प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन द्वारा मांगपत्र में वर्णित समस्याओं पर बीएसए से चर्चा की गई। संगठन द्वारा वेतन समय से खातों में अंतरित किए जाने की बात बीएसए से कही गई। बताया गया कि कई बार शिक्षकों के स्तर से उपस्थिति लॉक न होने के बाद बीईओ कार्यालय से विलंब होने और मानव संपदा पोर्टल कार्य न करने के कारण प्रक्रिया में विलंब हो जाता है। इसे लेकर पांच तारीख तक शिक्षकों के खातों में वेतन पहुंचाए जाने की मांग की गई। संवाद