न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए जाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के लिए ग्राम पंचायतों में बैठकों का तिथिवार रोस्टर जारी कर दिया गया है। पंचायतराज विभाग की ओर से बैठकों की निगरानी के लिए नोडल व सह नोडल अधिकारियों को नामित कर दिया गया है। ग्राम पंचायतों को ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
शासन के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2022-23 में विकास कार्यों को कराए जाने के लिए जीपीडीपी के तहत कार्ययोजना बनाई जानी है। इसे लेकर पंचायतराज विभाग की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पंचायतराज विभाग की ओर से विकास योजना बनाए जाने के लिए ग्राम पंचायत वार रोस्टर जारी कर दिया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में बैठकों का आयोजन कराने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों को दे दी गई है।
ग्राम पंचायतों में बैठकों की निगरानी के लिए सभी ब्लॉकों के बीडीओ को नोडल अधिकारी व एडीओ पंचायत को सह नोडल अधिकारी नामित किया है। ग्राम पंचायत सचिवों को बैठकों को ऑनलाइन अपडेट करने के लिए फैसिलेटर नियुक्त करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। डीपीआरओ ने कहा है कि सभी बैठकों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। संवाद