नगला खुशाली में कब्जा हटाने के विरोध में जेसीबी को रोकता एक ग्रामीण। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नगला खुशाली में पुलिस व प्रशासन ने कुछ दबंगों द्वारा कब्जा की गई भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान पुलिस की कुछ लोगों से तीखी नोकझोंक हुई। महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं तो कुछ लोग जेसीबी पर बैठ तक गए। हालांकि बाद में पुलिस की सख्ती के चलते यह लोग शांत हो गए और पुलिस ने प्रशासनिक टीम की मदद से जगह को कब्जा मुक्त करा इस पर तारबंदी करा दी।
गांव नगला खुशाली में गांव के कुछ दबंग लोगों ने कुछ भूमि पर कब्जा कर रखा था। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी। सोमवार पुलिस फोर्स प्रशासनिक टीम के साथ वहां पहुंचा और जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए जब जेसीबी का इस्तेमाल करने की कोशिश की तो महिलाएं जेसीबी के सामने खड़ी हो गईं।
इनकी पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई। इतना ही नहीं कई लोग जेसीबी पर ही चढ़ गए। बाद में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। परिणामस्वरूप यह लोग शांत हुए। नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम, कोतवाली निरीक्षक हाथरस जंक्शन राजीव कुमार पीएससी और पुलिस फोर्स के साथ वहां मौजूद रही।