न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भीषण गर्मी में बिजली संकट लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। शनिवार को शहर के वाटर वर्क्स, गिजरौली, नवीपुर, ओढ़पुरा, कांशीराम टाउनशिप आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाले फीडरों की लाइनों में फॉल्ट के चलते कई घंटे बिजली गुल रही। ग्रामीण क्षेत्र के चंदपा, ऊघई, सोखना, मुरसान आदि विद्युत उपकेंद्रों से निकलने वाली लाइनों में भी दिक्कत आई। इस कारण शहर से देहात तक चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोगों में गुस्सा है। उल्लेखनीय है कि गर्मी में बिजली सिस्टम लड़खड़ा रहा है। कभी लाइन में फॉल्ट हो जाते हैं तो कभी उपकरण ओवरलोड हो रहे हैं। इसका खामियाजा जिले के उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। शनिवार को पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोग जरूरी कामकाज नहीं कर पा रहे हैं। उमसभरी गर्मी में बिना कूलर-पंखे की हवा के लोगों का हाल बेहाल हो रहा है।
बिजली न मिलने के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। बिजली गुल होने से उद्योग-धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। बिजली न मिलने से लोग खासे परेशान हैं। अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सुभाष चंद्रा का कहना है कि गर्मी में बिजली की लाइनों में फॉल्ट हो रहे हैं है। इन्हें दूर कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद
गर्मी में आए-दिन कई-कई घंटे बिजली बाधित हो रही है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण उद्योग-धंधे भी प्रभावित हो रहे हैं। समय रहते विभागीय अधिकारी इस पर ध्यान दें, तब राहत मिलेगी।
-भोलाशंकर
पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। खेतों की सिंचाई के लिए वैसे ही कम बिजली मिलती है। उसके बाद भी लाइनों में फॉल्ट के नाम पर कटौती की जा रही है। खासी परेशानी हो रही है।
-शिवाकांत
गर्मी में विभाग पर्याप्त बिजली उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। आए-दिन कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। इस कारण मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारी लाइनों को दुरुस्त कराएं।
-रामहरी शर्मा
उमसभरी गर्मी में बिना बिजली के हाल-बेहाल हो जाता है। कभी लाइनों में फॉल्ट हो रहे हैं तो कभी ट्रांसफार्मर से फ्यूज उड़ रहे हैं। इस कारण हर रोज कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।
-राजू