न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले की ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायत से आवंटित बजट का एक फीसदी पंचायती राज निदेशालय भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीपीआरओ ने सभी ग्राम पंचायतों को तेजी से अंशदान भेजे जाने के निर्देश दिए हैं। वहीं अभी क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत की ओर से वित्तीय वर्ष 2021-22 में अंशदान नहीं भेजा गया है।
शासन स्तर से ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत को बजट का आवंटन किया था। इस बजट से अपने अपने क्षेत्रों में पंचायतें विकास कार्य कराती हैं। इस बजट का एक फीसदी प्रशासनिक मद के रूप में क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत अपने निदेशालय को भेजते हैं। इस वित्तीय वर्ष के सापेक्ष ग्राम पंचायतों की ओर से एक फीसदी बजट भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। केंद्र व राज्य सरकार से प्राप्त बजट के सापेक्ष एक फीसदी बजट अंशदान के रूप में निदेशालय को भेजा जाता है।
इसी क्रम में डीपीआरओ जीडी जैन ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को अपनी अपनी ग्राम पंचायत से बजट का एक फीसदी निदेशालय को भेजे जाने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस निर्देश के क्रम में ग्राम पंचायतों की ओर से अंशदान भेजे जाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अभी क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की ओर से कार्रवाई शुरू नहीं की गई है। संवाद