न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के तालाबों, नहरों के किनारे व सार्वजनिक स्थलों पर मनरेगा के जरिये हरियाली लाने की कवायद की जा रही है। पर्यावरण को बचाने के लिए मनरेगा के तहत इन स्थलों पर नौ लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया जाएगा।
मनरेगा के तहत अमृत सरोवर के तहत तालाबों को चिन्हीकरण कर तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इनमें तालाबों के किनारे बैठने के लिए स्थल बनाए जा रहे हैं, जिससे कि ग्रामीण सुबह व शाम यहां आकर बैठ सकें।
पीडी एके मिश्र ने बताया कि इस पौधरोपण में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं से मनरेगा के तहत गड्ढों की खुदाई कराई जाएगी, जिससे कि उन्हें भी रोजगार मुहैया हो सके। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को इस पौधरोपण अभियान में शामिल किया गया है। संवाद