न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यदि आपके घर में महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए गंगाजल नहीं है तो परेशान न हों। आप भी गंगोत्री के गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर सकते हैं। शहर के मुख्य डाकघर में गंगोत्री से गंगाजल आ गया है। 30 रुपये की बोतल में यह गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जिले से गंगाघाटों की दूरी अधिक है। इस कारण काफी श्रद्धालुओं के यहां भोलेनाथ के अभिषेक के लिए गंगाजल नहीं पहुंच पाता है। डाक विभाग द्वारा आमदनी को बढ़ाने व भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगोत्री के गंगाजल की व्यवस्था की गई है।
मुख्य डाकघर से 30 रुपये में 200 एमएल की गंगाजल की बोतल दी जा रही है। गंगाजल की बिक्री के लिए रविवार को मुख्य डाकघर खुला। इस दौरान काफी श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भरी बोतलों की खरीदारी की। पोस्टमास्टर रामबाबू का कहना है कि 30 रुपये में गंगोत्री के गंगाजल से भरी हुई बोतल श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही है। संवाद