न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए जाने को लेकर लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से सीएचसी व जिला अस्पताल में आयुष्मान मित्रों को बैठाया गया है, जिससे पात्रता सूची में शामिल लोगों के आसानी से आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा सकें। वहीं सीएससी के पोर्टल पर आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाने के लिए भी लिंक दिया गया है।
सीएससी संचालकों की भी आयुष्मान की आईडी चालू की गई है। आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड बनाए जाने के लिए शिविर व अन्य माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ सीएससी संचालकों द्वारा आयुष्मान योजना के तहत कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं। इसे लेकर डीएम के निर्देश पर आयुष्मान योजना में कार्य न करने वाले सीएससी संचालकों की डेढ़ दर्जन आईडी की सूची तैयार कर ली गई है। इन आइडी को जल्द ही डीएम स्तर से ब्लैक लिस्ट किए जाने के निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।