न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में 400 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की आईडी पर निरस्तीकरण की तलवार लटक गई है। इन आईडी के जेनरेट होने के बाद से सक्रिय न रहने के कारण इनको जल्द ही निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इन आईडी संचालकों को निर्देश भी जारी किए गए हैं कि जल्द ही इन आईडी को सक्रिय कर लिया जाए, अन्यथा उनकी आईडी को निरस्त कर दिया जाएगा।
शासन स्तर से संचालित योजनाओं से मिलने वाले लाभों को आमजन तक मुहैया कराए जाने के लिए सीएससी की ओर ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में कॉमन सर्विस सेंटरों (सीएससी) को खोला गया है। इन योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुंच सके, इसके लिए लोगों को सीएससी की ओर से आईडी मुहैया कराई गईं। वर्तमान में जिले में 1200 सीएससी आईडी हैं। इनमें से करीब 800 सीएससी आईडी सक्रिय हैं। करीब 400 आईडी निष्क्रिय पड़ी हुई हैं। इन आईडी पर कोई भी ट्रांजक्शन नहीं किया गया है।
यहां तक कि इन आईडी पर शासन की ओर से संचालित योजनाओं से लोगों को लाभ भी नहीं पहुंचाया जा रहा है। इनमें से ज्यादातर आईडी तो जिस दिन से जेनरेट की गई हैं, उस दिन से सक्रिय ही नहीं हुई हैं। सीएससी के अधिकारियों द्वारा इन संचालकों को तत्काल आईडी को सक्रिय करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी इन सक्रिय आईडी वालों की सूची तैयार कर ली गई हैं। अगस्त माह के अंत तक आईडी सक्रिय न होने की दशा में निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 400 आईडी ऐसी हैं, जो अभी तक सक्रिय नहीं हो सकी हैं। इन आईडी संचालकों को तत्काल आईडी सक्रिय करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सक्रिय न होने की स्थिति में आईडी को निरस्त कर दिया जाएगा।
-प्रदीप सिंह, जिला प्रबंधक सीएससी