हाथरस : पोस्टमार्टम के बाद रॉकी का शव आने के बाद विलाप करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कासगंज मार्ग स्थित नगला जलाल बिजलीघर के पीछे सोमवार की दोपहर को नलकूप की कोठरी में गोली मारकर मौत के घाट उतारे गए रॉकी यादव का शव मंगलवार को जैसे ही मोहल्ला गौसगंज पहुंचा तो मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में भीड़ के बीच रॉकी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इधर, इस मामले में नामजद पांचों युवकों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिशें दीं, लेकिन कोई भी आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
बता दें कि मोहल्ला गौसगंज निवासी 26 वर्षीय रॉकी यादव पुत्र राजकुमार के मोहल्ले से दो किमी दूर नगला जलाल बिजलीघर के पीछे खेत हैं। रॉकी का होली से पूर्व कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था। सोमवार की दोपहर को जब वह खेत पर काम कर रहा था, तभी कुछ युवक आए और रॉकी पर की घेराबंदी शुरू कर दी। अपनी जान बचाने के लिए वह खेत में बने नलकूप की कोठरी में छिप गया और अंदर से दरवाजे बंद कर लिए। हमलावर ने जब देखा कि रॉकी बाहर नहीं आ रहा है तो उन्होंने कोठरी की छत पर पड़ी पटिया निकाल दी और छत से ही गोलियां चला दीं। गोलियां रॉकी के सिर में लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में रोष व्याप्त हो गया तथा उन्होंने कई घंटे शव को नहीं उठने दिया। शाम को शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के बाद रॉकी के पिता राजकुमार ने मोहल्ले के ही राजकुमार पुत्र राय सिंह, संजीव, हरिओम पुत्रगण टैनी राम उर्फ रमेशचंद्र, अतुल पुत्र दलवीर सिंह, सुरेंद्र पुत्र दुर्गाप्रसाद सभी निवासीगण मोहल्ला गौसगंज के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद रॉकी का शव जैसे ही मोहल्ले में पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। रॉकी के दो बच्चे हैं। चार भाइयों में रॉकी सबसे बड़ा था। संवाद