हाथरस। भाजपा का स्थापना दिवस बुधवार को है। केंद्र और प्रदेश में सत्तासीन भाजपा पिछले 42 वर्ष में फर्श से अर्श पर पहुंची है। इस पार्टी के गठन के लिए आज से 42 साल पहले मुबंई में अधिवेशन हुआ था। तब अलीगढ़ व हाथरस से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सहित 19 लोग इस अधिवेशन में शामिल हुए थे।
भाजपा की स्थापना छह अप्रैल 1980 को मुंबई में एक अधिवेशन में हुई थी। उस समय हाथरस अलीगढ़ का हिस्सा था। इस अधिवेशन में भाग लेने के लिए कल्याण सिंह के निर्देशन में चौ. हरनाथ सिंह यादव, खिल्लूमल सिंधी, शांति स्वरूप माहेश्वरी, हरदयाल भाटिया, लक्ष्मीनारायण शर्मा, मूखरैया, जयप्रकाश गुप्ता, पूर्व सांसद किशनलाल दिलेर, श्रीपाल सिंह आदि वहां गए थे। हाथरस में भाजपा के दो ही संस्थापक सदस्य वर्तमान में जीवित है। इनमें पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष रमेशचंद्र आर्य और दूसरे हैं योगेश शर्मा एडवोकेट। गठन के तुरंत बाद इन सभी नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। संवाद
1980 में योगेश बने थे युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष
हाथरस। भाजपा के संस्थापक सदस्य योगेश शर्मा का कहना है कि उस समय जनता पार्टी में मधुलिमये आदि समाजवादियों ने दोहरी सदस्यता का मुद्दा उठाया। उन नेताओं ने जनता पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष चंद्रशेखर से कहा कि पार्टी में जो लोग आरएसएस के सदस्य हैं, वह दोहरी सदस्यता नहीं रख सकते। या तो वह आरएसएस में रहें या पार्टी में। इससे नाराज होकर अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कार्यकर्ता मुंबई पहुंचें। मुंबई में दो दिवसीय अधिवेशन में नई पार्टी बनाने का प्रस्ताव सुंदर सिह भंडारी ने रखा। इसे संपूर्ण मत से कार्यकर्ताओं ने पारित किया और पार्टी गठित हो गई। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। चुनाव चिह्न के लिए कमेटी बनाई गई। यूपी में माधव प्रसाद त्रिपाठी अध्यक्ष, कलराज मिश्र और कल्याण सिंह महामंत्री बने। अलीगढ़ जिले में नेम सिंह चौहान को पहले पार्टी का जिलाध्यक्ष और मुझे (योगेश शर्मा) को युवा मोर्चा का पहला जिलाध्यक्ष बनाया गया। संवाद
मुंबई के अधिवेशन में शामिल हुआ था। छह अप्रैल को पार्टी का गठन हुआ था। अटल जी को अध्यक्ष बनाया गया था। विधिवत चुनाव हुआ था। अलीगढ़ व हाथरस के 19 लोगों ने सदस्यता ली थी। अब कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी ने वट वृक्ष का रूप ले लिया है। जिले में दो लाख व देश में 13 करोड़ सदस्य भाजपा के हैं। पार्टी के बढ़ते कारवां को देखकर काफी खुशी होती है।
-रमेशचंद्र आर्य, संस्थापक सदस्य, पूर्व पालिकाध्यक्ष
मैं भाजपा का संस्थापक सदस्य रहा हूं। अलीगढ़ में भाजयुमो का प्रथम अध्यक्ष पद संभाला है। सांसद किशन लाल दिलेर का प्रतिनिधि रहा हूं। मुंबई अधिवेशन में तब अलीगढ़ जिले से 19 लोग शामिल हुए थे। गठन के तुरंत बाद मैने पार्टी की सदस्यता ली थी। उसके बाद भाजपा का कारवां बढ़ता चला गया। यह नेतृत्व कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। आज 13 करोड़ लोग पार्टी के सदस्य हैं।
-योगेश शर्मा, एडवोकेट