न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हास्य के जरिये लोगों में पहचान बना चुके काका हाथरसी के पौत्र अशोक गर्ग अब लोगों की सेवा करेंगे। इसके तहत काका हाथरसी पुरस्कार ट्रस्ट के तत्वावधान में लेफ्टिनेंट कर्नल नितिन भाटिया मेमोरियल ट्रस्ट के सहयोग से 18 व 19 को काका हाथरसी स्मारक भवन के निकट वृंदावन गार्डन में नेत्र परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। यह जानकारी मुरसान गेट स्थित संगीत कार्यालय पर वार्ता के दौरान अमेरिका से आए काका के पौत्र अशोक गर्ग व कनाडा से आए योगेश भाटिया ने दी।
अशोक गर्ग ने बताया उनके पिता डॉ. लक्ष्मीनारायन गर्ग व मां रीता गर्ग की स्मृति में 18 व 19 नवंबर को काका हाथरसी स्मारक भवन मुरसान गेट में नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह उनका हाथरस क्षेत्र में सेवा कार्य का प्रारंभिक चरण है।
भविष्य में सेवा योजनाएं लाई जाएंगी। यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लगेगा। अशोक गर्ग ने कहा कि आने वाले समय में शहर में एक अस्पताल बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। वार्ता के दौरान विद्युत गर्ग, मधु अग्रवाल, पूर्व प्राचार्य डॉ. एससी शर्मा, ऊषा, संध्या आदि मौजूद रहे। संवाद