न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ के अगसौली स्थित बीडी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की है। इसमें सासनी क्षेत्र के गांव रुदायन निवासी व्यक्ति और हाथरस जंक्शन क्षेत्र के बेरगांव निवासी व्यक्ति पर खुद को कॉलेज का कर्मचारी बताकर फीस के पैसे हड़पने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत जिलाधिकारी (डीएम) व एसपी से की गई है।
इस संस्था के काफी बीएड विद्यार्थी डीएम व एसपी के दफ्तर पहुुंचे। आरोप है कि उनके खाते में शुल्क प्रतिपूर्ति की जो धनराशि आई थी, उसे कॉलेज प्रशासन को फीस के रूप में देना था। आरोप है कि वह रुपये निकालकर फीस जमा करने के लिए जा ही रहे थे कि उमेश कुमार निवासी रुदायन सासनी और बेरगांव निवासी मुनेश ने खुद को कॉलेज का स्टाफ बताकर फीस के कुछ रुपयों बैंक खातों में जमा करा लिया तो कुछ रुपये नकद ले लिए।
विद्यार्थियों ने दोनों लोगों पर यह भी आरोप लगाया है कि इन दोनों ने विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भड़काने की बात भी कही। विद्यार्थियों ने डीएम व एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने वालों में रविकिशन, लाखन सिंह, पवन कुमार, योगेश कुमार, मनोज कुमार, रविकुमार, मितवा, सतीश कुमार, मनीष कुमार आदि के नाम शामिल हैं। संवाद