संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कुरसंडा में बुखार का प्रकोप लगातार जारी है। डीएम के निर्देश पर शनिवार को जिला समन्वयक (डीसी) एनआरएलएम अशोक कुमार और जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) जीडी जैन ने क्षेत्र के गांव कुरसंडा में घर-घर जाकर बुखार पीड़ितों का हाल जाना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
टीम को बुखार पीड़ितों के परिजनों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बुखार से बच्चे और बुजुर्ग पीड़ित हैं। रोजाना हजारों रुपये दवा पर खर्च हो रहे हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं मिल रहा है। अधिकारियों ने एडीओ पंचायत देवेंद्र गौतम को पूरी ग्राम पंचायत में नियमित रूप से सफाई कराए जाने, जलभराव वाले स्थानों को पानी से मुक्ति दिलाने के निर्देश दिए।
अधिकारी जब गांव की पैंठ में पहुंचे तो वहां दुकानदारों द्वारा दोना-पत्तल आदि डालकर की गई गंदगी पर नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों को कूड़ा कूड़ेदान में डालने के निर्देश दिए। मौके पर सचिव संत कुमार, प्रधान पति रूपेंद्र सिंह नंबरदार, लेखपाल ऋषि कुमार, जयपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पोखर से जलभराव नहीं होने दिया दूर
गांव कुरसंडा में शनिवार को पोखर से जलभराव की समस्या को दूर कराने के लिए सचिव, लेखपाल और पुलिस की टीम पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों के आपसी विवाद की वजह से पोखर से जलभराव को दूर कराने के लिए नाली की खुदाई नहीं हो सकी। एडीओ पंचायत ने बताया कि पूरे दिन जेसीबी व टीम मौके पर मौजूद रही।