न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से एक को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
इगलास रोड स्थित गांव बहादुरपुर निवासी संदीप पुत्र राजाराम किसी काम से हाथरस आए थे। वह देर रात घर लौट रहे थे। इसी बीच इगलास रोड पर किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे संदीप बुरी तरह से जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन उसकी गंभीर हालत होने पर अलीगढ़ ले गए। दीपक पुत्र जगवीर सिंह निवासी आवास विकास कॉलोनी, ललित पुत्र मनोज निवासी रानी का नगला और रीतेश अग्रवाल पुत्र महेशचंद्र निवासी इंद्रानगर कॉलोनी भी अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हो गए। इन तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। संवाद