न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अघोषित बिजली कटौती से शहरवासियों का हाल-बेहाल है। बुधवार को फिर शहर से लेकर देहात तक की बिजली कई घंटे बाधित रही। भीषण गर्मी में बिना बिजली के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर से लेकर देहात तक रोजाना कई-कई घंटे बिजली कटौती हो रही है।
बुधवार को शहर के नवीपुर, ओढ़पुरा, कांशीराम टाउनशिप और वाटर वर्क्स के अलावा देहात के हतीसा, सलेमपुर, चंदपा और सोखना आदि विद्युत उपकेंद्रों से जाने वाली विद्युत लाइनों में फॉल्ट हुए। इसकी वजह से लोगों को करीब पांच घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। इससे सामान्य दिनचर्या भी प्रभावित हुई। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि ओवरलोडिंग के चलते कुछ स्थानों पर फॉल्ट हुए थे। इसकी वजह से बिजली कटौती हुई। कर्मियों ने इन फॉल्ट को दूर करा लिया है। संवाद
कभी दिन तो कभी रात में घंटों बिजली कटौती होती है। इसकी शिकायत की जाती है तो कोई इस पर ध्यान नहीं दिया जाता। बिजली कटौती बंद होनी चाहिए।
-मनोज
कभी ट्रांसफॉर्मर फुंकने की बात कही जाती है तो कभी लोकल फॉल्ट होने की बात बताई जाती है। अधिकारी इस पर ध्यान दें और इस समस्या को दूर कराना चाहिए।
-सोनू
बिजली कटौती ने नाक में दम कर रखा है। शहरी क्षेत्र में भी कई घंटे कटौती होती है। पूरी दिनचर्या इससे प्रभावित होती है। बिजली क्यों गई, इसका भी कारण नहीं बताया जाता।
-संजीव कुमार शर्मा
बिजली संकट से हर कोई परेशान है। कल-कारखानों से लेकर खेती तक का काम बिजली कटौती से प्रभावित होता है। उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली मिलनी चाहिए।
-विनोद कुमार