संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
उमस भरी गर्मी में बिजली की आंख मिचौली से लोग परेशान हैं। शहर से देहात तक हर रोज कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। सोमवार को भी कई इलाकों में तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली गुल होने से लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोगों में गुस्सा है।
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है बिजली व्यवस्था भी लड़खड़ा रही है। शहर, देहात, कस्बा में बिजली संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को शहर के ओढ़पुरा, गिजरौली, नवीपुर, प्रगतिपुरम, आदि सबस्टेशनों की लाइनों में फॉल्ट हो गए।
वहीं देहात में सलेमपुर, सोखना, नगला रति, वाहनपुर आदि सबस्टेशनों की लाइनों में भी खराबी आई। इस कारण लोगों को दिन तीन से चार घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण किसान खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। इस मामले में एक्सईएन सुभाष चंद्रा का कहना है कि बारिश व गर्मी के लाइनों में फॉल्ट की संख्या बढ़ गई है। फॉल्ट को जल्द से जल्द अटैंड करने के निर्देश अधीनस्थों को दिए गए हैं।
- कभी दिन में तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। जर्जर लाइनों को जल्द बदला जाए। - विकास बंसल
- बिना बिजली के कामकाज प्रभावित हो रहा है। जर्जर लाइनों में कभी दिन में कभी रात में फॉल्ट हो रहे हैं। इस कारण उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के हाल बेहाल है। - जितेंद्र कुमार
- जिस हिसाब से विभाग हर माह बिल भेजता है। उस हिसाब से पर्याप्त बिजली देने पर ध्यान नहीं है। इस कारण कई कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। - अबरार अली
- बिजली आज के समय में बहुत जरूरी है। इसके बाद भी विभाग पर्याप्त आपूर्ति पर ध्यान नहीं दे रहा है। इस कारण बिजली गुल की समस्या आम हो गई है। आपूर्ति पर विभागीय अधिकारियों को ध्यान देना चाहिए। - कलुआ