हाथरस : राशन डीलरो के साथ तहसील में बैठक करते डीएसओ। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सदर के सभागार में मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) एसपी शाक्य ने तहसील सदर क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं के साथ विभागीय समीक्षा की। डीएसओ ने उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी की उपस्थिति में ही खाद्यान्न का वितरण करें। वितरण शुरू करने से एक दिन पूर्व मुनादी कराएं और नोडल अधिकारी को भी वितरण के समय उपस्थित रहने के लिए सूचित करें।
उन्होंने कहा कि सभी उचित दर विक्रेता अपनी दुकान पर इलेक्ट्रानिक कांटे पर ही निर्धारित मात्रा में तौलकर लाभार्थियों को खाद्यान्न का वितरण करें। काडर्धारकों को ई-पॉस पर आधार ऑथेंटिकेशन कराते समय ही खाद्यान्न उपलबध कराएं। यदि किसी उचित दर विक्रेता द्वारा ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के तुरंत बाद आवश्यक वस्तुओं का वितरण नहीं किया जाता है तो ऐसे उचित दर विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लागू हो रही है। इसके दृष्टिगत जिन उचित दर की दुकानों पर खाद्यान्न का ट्रक पहुंचने में असुविधा हो, वह विक्रेता अपना नवीन स्थल स्वीकृत करा लें। उचित दर की दुकान पर साइन बोर्ड, स्टॉक बोर्ड, अंत्योदय योजना के लाभाथिर्यों की सूची, विभागीय अधिकारियों के दूरभाष नंबर एवं टोल फ्री नंबर आदि सूचनाए प्रदर्शित करें। क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि गैरहाजिर उचित दर विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। संवाद