न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को जीएसटी की बढ़ी हुई दर को वापस लेने की मांग करते हुए वित्तमंत्री के नाम उपायुक्त वाणिज्यकर जीएसटी को ज्ञापन सौंपा। रेडीमेड, कपड़ा, जूता व अन्य उद्योग से जुड़े व्यापारियों ने वाणिज्य कर कार्यालय पर एकत्रित होकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में कहा गया है कि पैकिंग के लिए तैयार की जाने वाले बॉक्स पर जीएसटी 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है। आम जनता के इस्तेमाल में आने वाले फुटवियर पर जीएसटी की दरें पांच प्रतिशत से बढ़ाकर बारह कर दी गई है। रेडीमेड कपड़े में हॉजरी पर जीएसटी 12 प्रतिशत कर दिया गया। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि जीएसटी लगाते समय सरकार ने वादा किया था कि पर्याप्त कलेक्शन होने पर जीएसटी की दरें कम की जाएगी। कोरोना जैसी महामारी के बाद भी सरकार के पास उम्मीद से ज्यादा जीएसटी कलेक्शन प्राप्त हुआ है।
चुनाव के समय भी महंगाई को बढ़ने से रोकने का वादा सरकार के द्वारा किया गया था। लगातार बढ़ती जीएसटी की दरों से व्यापारी परेशान है। आम जनता पर भी महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, नगर अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, उद्योग मंच जिलाध्यक्ष नन्नूमल गुप्ता, जिला महामंत्री मनोज अग्रवाल, युवा जिलाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, चंद्र प्रकाश, अजित शर्मा, अनूप अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, नागेंद्र पाठक, संजय अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, शिव कुमार गुप्ता, राज कुमार वार्ष्णेय, राम वार्ष्णेय थे। संवाद