न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर से सटे गांव जोगिया निवासी किसान सोमवार की रात करीब नौ बजे अपने ही खेत में मृत अवस्था में मिले। वह पांच बजे खेत पर टहलने के लिए गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी हत्या की आशंका जताई है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया निवासी चंद्रपाल सिंह (50 वर्ष) पुत्र भगवान सिंह सोमवार की शाम को करीब पांच बजे घर से खेतों पर टहलने के लिए निकले थे, लेकिन जब काफी रात तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। रात को करीब नौ बजे जब परिजन खेत में उनकी तलाश कर रहे थे तो वह खेत के एक कोने में पड़े दिखाई दिए। उनको देखकर परिजनों के होश उड़ गए। बताया गया है कि उनके सिर पर चोट लगी थी और चेहरे पर भी चोट के निशान थे। परिवार के लोग चंद्रपाल सिंह को खेत से उठाकर करीब पौने दस बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चंद्रपाल की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए पुलिस से संपर्क किया। मंगलवार की दोपहर को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। कोतवाली हाथरस गेट के एसएचओ मुनीशचंद्र ने बताया कि वृद्ध की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। संवाद