ग्राम सांदलपुर में अधूरा पड़ा पंचायत घर का निर्माण
- फोटो : SASNI
संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
ग्राम पंचायत सांदलपुर में प्रस्तावित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण अधर में लटका हुआ है। समाधान दिवस में शिकायत करने के बावजूद इस पर कब्जा नहीं हट पाया है। एसडीएम ने अवैध कब्जाधारियों द्वारा बलपूर्वक रोकने एवं लेखपाल द्वारा पैमाइश करने के बाद पुलिस की देखरेख में शुरू हुए निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए क्षेत्राधिकारी को निर्देश भी दिए थे लेकिन, आज तक कब्जा नहीं हट सका।
दरअसल पूर्व प्रधान ने ग्राम समाज की भूमि गाटा संख्या 222 पर सार्वजनिक शौचालय बनाने का प्रस्ताव दिया था। जिसे वर्तमान प्रधान ने भी सहमति देते हुए नया प्रस्ताव पारित कर दिया है। लेकिन आज तक सामुदायिक शौचालय नहीं बना है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जाधारी लोग शौचालय के कार्य को रुकवा देते है। इसकी शिकायत सात अगस्त को समाधान दिवस में भी की गई थी। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी ने अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने एवं आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग एसडीएम से की थी।
एसडीएम ने क्षेत्राधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन आज भी निर्माण कार्य अवरुद्ध पड़ा है। प्रभारी वीडीओ पीडी एके मिश्रा का कहना है कि शौचालय ग्राम सभा की भूमि पर ही बनना चाहिए। इसके लिए लेेखपाल व पुलिस को व्यवधान रोकने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही व्यवधान खत्म कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।