न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में बिटिया की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ पुलिस न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इसकी जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ता नूतन ठाकुर से अपने पत्र के माध्यम से दी है।
उल्लेखनीय है कि बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में कुछ लोगों ने फेसबुक, यू ट्यूब और ट्विटर पर बिटिया की पहचान उजागर की थी। इसकी शिकायत आरटीआई एक्टिविस्ट नूतन ठाकुर ने की थी और मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा धारा 228 ए और 72 आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इस मुकदमे की विवेचना अपराध शाखा ने की थी।
अपराध शाखा ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ स्थानीय न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया है। यह आरोपपत्र विवेचना अधिकारी ने नौ जून 2021 को न्यायालय में दाखिल किया है। इस बारे में जब नूतन ठाकुर ने जनसूचना अधिकार के तहत जानकारी मांगी तो नोडल अधिकारी जनसूचना अपर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें इससे अवगत कराया। संवाद