विवेक कुमार का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
एटा रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप मंगलवार की रात 11 बजे के करीब तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को रौंद दिया। हादसे में भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चाचा घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, घायल चाचा को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया है।
सिंकदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी प्रमोद कुमार के पुत्र विवेक कुमार (25) अपने चाचा उपेंद्र कुमार के साथ बाइक से एटा रोड के गांव फुलरई से आ रहे थे। जैसे ही दोनों रेलवे फाटक के पास पहुंचे अलीगढ़ की ओर से तेज गति से आ रहे एक कैंटर के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल उपेंद्र कुमार को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।