संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला गड्ढा में छह मई को हुई विवाहिता की मौत के मामले में पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पति सहित ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला इमामबाड़ा ब्राह्मणपुरी निवासी मुईनुद्दीन पुत्र फ़इयाद खां ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री नगमा की शादी आदिल पुत्र मुवीन खां निवासी मोहल्ला गड्डा पुरदिलनगर के साथ चार मार्च 2020 को की थी।
दहेज में करीब 20 लाख रुपये का सामान दिया था। बेटी के ससुराल वाले शादी में मिले दान दहेज से संतुष्ट नही थे और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। नगमा ने यह बात मायके वालों को बताई। इसके बाद नगमा के पिता खुद अपनी पुत्री की ससुराल पहुंचे।
ससुराल वालों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने और कहने लगे अपना मकान बेचकर एक कार खरीद कर दो, अन्यथा किसी दिन नगमा की मौत की सूचना मिलेगी। आरोप है कि दहेज की मांग न पूरी होने पर ससुराल वाले नगमा का शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
6 मई की रात्रि 12: 30 बजे इन लोगों ने नगमा की हत्या कर दी। घटना से चार दिन पूर्व नगमा ने अपने पिता को फोन कर बताया कि ससुराल वाले उसकी हत्या करने की साजिश रच रहे हैं। रिपोर्ट दर्ज कराने पर नगमा के पिता को उसके ससुराल वालों ने फंसाने की धमकी दी। इसी वजह से रिपोर्ट इतने दिनों बाद दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में पति आदिल, सास नूरजहां, ससुर मुवीन खां, देवर शमशाद, ननद रिफत व सफद को नामजद किया गया है।