न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस बल ने नगर क्षेत्र के गांवों व मोहल्लों में किया फ्लैग मार्च किया। मार्च कर जवानों ने शांतिपूर्ण चुनाव कराने व लोगों में सुरक्षा का संदेश दिया। क्षेत्राधिकारी नगर रुचि गुप्ता ने पैरामिलिट्री बल, पीएसी एवं पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र के थाना सासनी, थाना हाथरस गेट एवं थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के विभिन्न गांवों, कस्बों व मोहल्लों में मार्च किया। सीओ ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी तरह की अफवाह न फैलाएं, न फैलने दें। अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर भी पुलिस सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। चुनावों के दौरान किसी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने कोरोना के नियमों का पालन करने की बात पर भी जोर दिया गया। घर से मास्क लगाकर निकलने और गली मोहल्लों में अनावश्यक रूप से इकट्ठा न होने, अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर न जाने एवं शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने की अपील की गई। आदर्श आचार संहिता का पालन करने के लिए चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई।
फ्लैग मार्च थाना सासनी क्षेत्र के कस्बा सासनी, लोहर्रा, लढौता, जिरौली, अलीपुर, मोहरिया, वसगोई, छोड़ा, गढुआ, नगला गढू, बरसै तथा थाना हाथरस गेट के रूहेरी, किंदौली, अमरपुरघना एवं थाना कोतवाली सदर के आगरा रोड, डीआरवी तिराहा, चामड गेट चौराहा, जलेसर रोड, सीयलखेड़ा, जामा मस्जिद, कमला बाजार, सासनी गेट चौराहा आदि में किया गया। इसमें असिस्टेंट कमांडेंट सीआरपीएफ शारदा देवी, प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी सतेंद्र सिंह राघव, प्रभारी निरीक्षक थाना हाथरस गेट केशवदत्त शर्मा, प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली सदर रविंद्र दुबे एवं एक कंपनी सीआरपीएफ पैरामिलिट्री बल व पुलिस बल मौजूद रहे। संवाद